सवाई माधोपुर: विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मेले में इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मेले की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के साथ-साथ पुलिस मित्र भी लगातार निःस्वार्थ सेवाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में मानटाउन थाना क्षेत्र के पुलिस मित्र श्रीराम शर्मा ने सतर्कता और सेवा भाव का परिचय देते हुए एक घायल महिला को समय रहते चिकित्सकीय सहायता दिलाकर मानवता की मिसाल पेश की।
गणेश चतुर्थी के दिन सुबह करीब 8 बजे, एक दोपहिया वाहन पर सवार वृद्ध पुरुष और दो महिलाएं रणथंभौर गणेश मंदिर की ओर पदयात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ जाने से वे दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हा*दसे में एक महिला को चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मित्र श्रीराम शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर 108 एम्बुलेंस बुलवाई।
तत्परता से कार्य करते हुए घायल महिला को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया। गौरतलब है कि गणेश मेले के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मित्र निःशुल्क सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। पदयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता प्रदान करने हेतु जगह-जगह पुलिस मित्र सक्रिय हैं। पुलिस मित्रों की यह सेवाएं न केवल श्रद्धालुओं के लिए राहतकारी साबित हो रही हैं, बल्कि सामाजिक सहयोग और जिम्मेदारी का भी उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
