बीस सूत्री कार्यक्रम एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिला कलेक्टर ने बैठक में कहा कि कार्यक्रम के तहत आवंटित लक्ष्यों के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने के लिए सभी विभागीय अधिकारी तत्परता से कार्य करें और सभी पात्रों को लाभांवित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति कम है, वे अभी से योजना बनाकर अधिक मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए जुटकर कार्य करें। बीस सूत्री कार्यक्रम के रैंक निर्धारण के जिन बिंदुओं में जिले को (ए) श्रेणी मिलने पर सम्बंधित अधिकारियों की सराहना की तथा आगे भी इसी प्रकार प्रगति लाने के निर्देश दिए। वहीं जिन बिन्दुओं में रैंक (बी) एवं (सी) मिली उनमें संबंधित बिन्दुओं के प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए रैंक बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास के निर्देश दिए।

बैठक में राजीविका के अधिकारी को स्वयं सहायता समूहों के आवेदन एवं पत्रावलियां तैयार करवाकर बैंक से संबंधित प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, जॉब कार्ड जारी करने, मानव दिवस सृजित करने, न्यूनतम मजदूरी, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण आवास, पेयजल, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, सामाजिक सुरक्षा, वृद्धों का कल्याण, अनुसूचित जाति-जनजाति परिवारों को सहायता, कृषि कनेक्शन, भू खण्ड आवंटन, छात्रवृत्ति सहित अन्य बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुये समय पर लोगों को लाभान्वित करवाने की बात कही।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास आईसीडीएस ऋचा चतुर्वेदी, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज, सीएमएचओ डॉ. तेजराम मीना, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सलीम खान, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया