सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले में मंगलवार रात जिले में हुई मूसलधार बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि बुधवार प्रातः तक जलस्तर में गिरावट आने से जनजीवन सामान्य हो गया। जिला कलेक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों कर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक व अतिरंजित सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी और आमजन से सतर्कता बरतने की अपील कि है।
उन्होंने आमजन से जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने, विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऐसे क्षेत्रों से दूर रखनें का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि फोटो या वीडियो बनाने के लिए जान जोखिम में न डालें और जलमग्न सड़कों, रपटों और पुलों को पार करने से बचें। अतिवृष्टि के काररण मंगलवार बारिश के लगातार चलते पुराने शहर के लटिया नाला एवं तटीय क्षेत्रों में रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक जलभराव की स्थिति बनी रही। जिला कलेक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने रणथंभौर रोड, मिर्जा मोहल्ला, रैगर मोहल्ला, अंसारी मोहल्ला, जामा मस्जिद, मुख्य बाजार एवं बोदल पुलिया आदि क्षेत्रों का दौरा कर बारिश से प्रभावित आमजन के घर-घर पहुंच कर उनकी वेदनाओं को सुन कर हर संभव सहायता के लिए आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा की इस कठिन घड़ी में प्रशासन आमजन के साथ है। इस दौरान उन्होंने परिसम्पतियों में हुई क्षति का शीघ्र सर्वे कर राहत राशि हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाने के निर्देश अधिकारियों को प्रदान किए। जिला कलक्टर कानाराम ने जिले के सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं नगरीय निकायों को राहत सामग्री, रसद व औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डूबी हुई सड़कों पर सुरक्षा बल एवं संसाधन तैनात करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने ग्राम स्तर पर पटवारी व ग्राम विकास अधिकारीयों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत् निगरानी रखते हुए आमजन को जलभराव से सतर्क करने के निर्देश प्रदान किए। इ
स दौरान उन्होंने खंडार क्षेत्र के मनसरोवर बांध से अतिरिक्त जल बहाव के कारण क्षतिग्रस्त बोदल-ओंघड पुलिया का निरीक्षण कर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ करने व वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि खंडार उपखंड में राहत कार्यों में कोई बाधा न आए। मंगलवार रात में भारी बारिश के दौरान सिविल डिफेंस व एसडीआरएफ टीमों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा, उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह, यूआईटी तहसीलदार विनोद शर्मा एवं नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लटिया नाला क्षेत्र से कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें एक गर्भवती महिला को नाव द्वारा सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया गया।
उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा पूर्वी राजस्थान में आगामी दो दिवस 30 एवं 31 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है जिसके मध्यनजर रखते हुए उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति पर सतर्क निगाह बनाए हुए है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
