जिले में पंचायत राज संस्थाओं के जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए तीसरे और अन्तिम चरण का मतदान आज बुधवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र किशन एवं पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने तीसरे चरण के मतदान के दौरान दिन भर विभिन्न मतदान केन्द्रों का जायजा लिया तथा मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान अधिकारियों से फीडबेक प्राप्त किया। उन्होंने मतदानकर्मियों का हौंसला बढ़ाते हुए शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने पर सभी सम्बंधित लोगों का आभार जताया है।

बुधवार को तीसरे चरण में पंचायत समिति सवाई माधोपुर, खंडार एवं चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिये कोविड-19 गाइडलाइन की पूर्ण पालना के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। ईवीएम से हुआ मतदान सुबह साढ़े 7 बजे से शाम को साढ़े 5 बजे तक चला। सुबह 10 बजे तक पंचायत समिति सवाई माधोपुर में 11.82, खंडार में 12.37 एवं चौथ का बरवाड़ा में 10.72 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक सवाई माधोपुर में 24.47, खंडार में 28.30 एवं चौथ का बरवाड़ा में 25.02 प्रतिशत मतदान हुआ। अपरान्ह 3 बजे तक सवाई माधोपुर में 45.02, खंडार में 48.4 तथा चौथ का बरवाड़ा में 43.57 प्रतिशत मतदान हो चुका था। खंडार में 153, सवाई माधोपुर में 144 और चौथ का बरवाड़ा में 138 पोलिंग बूथ पर मतदान हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त पर्यवेक्षक शक्ति सिंह राठौड ने छाण, बहरावंडा खुर्द, दौलतपुरा, पाली, जीनापुर, कुस्तला, रवांजना डूंगर, पांचोलास, शेरपुर खिलचीपुर, कुंडेरा सहित अन्य मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया