राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार आज बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के सचिव महेन्द्र कुमार ढाबी ने त्रिनेत्र बालगृह सवाई माधोपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बालगृह में दी जाने वाली सुविधाओं, दवाओं, भोजन सामग्री और उसकी गुणवत्ता, पहनने और ओढ़ने-बिछाने के कपड़ों आदि के संबंध में पूछताछ कर जांच की।

उन्होंने मौके पर उपस्थित बालगृह संचालक और स्टाफ को बालगृह में साफ-सफाई रखने, बच्चों के लिए ओढ़ने व बिछाने की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा शिक्षा का स्तर सुधारने के संबंध में निर्देश प्रदान किये। उन्होंने बालगृह में प्रतिमाह स्वास्थ्य जांच हेतु डॉक्टर की विजिट, प्राथमिक उपचार किट, रसोई में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनदान, बालगृह परिसर को सर्दियों में गर्म एवं गर्मियों में ठण्डा रखने की व्यवस्था आदि के संबंध में निर्देश प्रदान किए।
साथ ही बालगृह में प्रदान की जाने वाली सुविधाओं का विवरण बोर्ड पर अंकित करने के निर्देश प्रदान किये। इस अवसर पर बालगृह के संचालक हरीश उपाध्याय व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे ।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया