सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले के लालसोट कोटा मेगा हाईवे इन दिनों पूरी तरह जाम की भेंट चढ़ा हुआ है। बुधवार 29 अक्टूबर को इस मार्ग पर कुश्तला से पीपलवाड़ा तक कई किलोमीटर लम्बा जाम लगा रहा। जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले यातायात साधनों के साथ ही प्रतिदिन अपने कार्यस्थल पर जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों के साथ ही इस क्षेत्र में रहने वाले आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं वाहनों में फंसे हुऐ लोगों को भूख प्यास का सामना भी करना पड़ा।
लालसोट कोटा मेगा हाईवे पर होकर गुजरने वाले लोगों ने बताया कि दिल्ली-मुम्बई एक्स्प्रेस-वे में जिले के कुश्तला से लेकर बून्दी जिले के लबान तक का मार्ग का कार्य अभी तक पूरा नहीं होने से यह मार्ग अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में दिल्ली मुम्बई हाइवे से होकर गुजरने वाले सभी वाहन कुश्तला से लालसोट कोटा मेगा हाइवे से होकर लबान तक चल रहे है। इसके चलते इस मार्ग पर प्रतिदिन कई हजारों की संख्या में ट्रक, बस, ट्रोले और कारें गुजर रही हैं। लेकिन इस मार्ग पर कई महिनों से टूटी सड़कों के कारण कुश्तला में ट्रेफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।
लोगों ने बताया कि वैसे तो इस मार्ग पर क्षमता से अधिक यातायात के चलते यह पूरा मार्ग ही कई जगह से बहुत अधिक क्षतिग्रस्त हो चुका है। लेकिन सवाई माधोपुर जिले के कुश्तला में टोंक रोड़ तिराहे से कोटा की ओर आगे बढ़ते ही पूरे कुश्तला में पूरी सड़क ही गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इसमें भी भगत सिंह चौराहे से आगे सड़क पर कई फिट गहरे गड्ढों में प्रतिदिन वाहन फंस जाते हैं, कई वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो जाते हैं। जिसके चलते इस मार्ग पर कई घंटो जाम लगना आम बात सी हो गई है। लोगों ने बताया कि मंगलवार रात को धान से भरी एक ट्रेक्टर ट्रोली इन गड्ढों में पलटने के बाद यहाँ जाम शुरू हुआ।
जो बुधवार को भी इस मार्ग पर सुबह से देर शाम तक जाम लगा रहा है। जाम में लोग भूखे प्यासे ही गाड़ियों में फंसे रहे। इस दौरान कई कर्मचारी भी अपने कार्यस्थलों पर नहीं पहुंच सके। इस जाम के दौरान बच्चों, बुजुर्गों के साथ ही बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी भारी खामियाजा उठाना पड़ा। इस दौरान इस मार्ग पर कई जगह वाहनों को दुर्घटनाओं का सामना भी करना पड़ा। कई दुपहिया वाहन, कार, एवं ट्रकों को भी दुर्घटना का शि*कार होना पड़ा।
हालांकि इन दुर्घटनाओं में किसी के हताहत होने के समाचार नहीं मिले। बहरहाल इन दिनों कोटा लालसोट मार्ग कई महिनों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लेकिन हाईवे का रखरखाव करने वाली एजेन्सी हो या प्रशासन किसी के भी द्वारा अब तक कोई ठोस उपाय नहीं उठाये गये हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
