सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के नवाचार “भविष्य की उड़ान” से प्रेरित होकर, शिवाड़ ग्रामवासियों ने शिक्षा के क्षेत्र में जनसहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्रामवासियों ने सामूहिक सहयोग की भावना दिखाते हुए 1 लाख 30 हजार की राशि एकत्रित की और मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा करवाने हेतु इसका चेक जिला कलेक्टर कानाराम को सुपुर्द किया।
यह चेक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय शिवाड़ के प्रधानाचार्य प्रेम प्रकाश सैन द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में कलेक्टर को सौंपा गया। जिला कलेक्टर कानाराम ने ग्रामवासियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “शिवाड़ ग्रामवासियों की यह पहल जिले के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत सिद्ध होगी। कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जन सहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत, जनसहयोग से प्राप्त 40 प्रतिशत राशि के अनुपात में 60 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि ग्रामवासियों द्वारा दिए गए 1.30 लाख के सहयोग के बदले, विद्यालय को राज्य सरकार से अतिरिक्त 1 लाख 95 हजार का अनुदान प्राप्त होगा। इस प्रकार विद्यालय के भौतिक विकास कार्यों के लिए कुल 3 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृत होगी। यह राशि विद्यालय में कक्षा-कक्षों और शौचालयों की मरम्मत, प्रिंटर-इनवर्टर क्रय, विद्यालय परिसर के सौंदर्यकरण तथा अन्य आवश्यक भौतिक विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। इस दौरान जिला परिषद सदस्य प्रेम प्रकाश शर्मा, विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राजेश कुमार माली, व्याख्याता मुकेश मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
