निर्वाचन आयोग द्वारा 20 नवम्बर से 18 जनवरी तक चलाये जा रहे विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत मंगलवार को जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में राजकीय तथा निजी महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षण संस्थान तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों को सम्मिलित करते हुए क्लस्टर एनरोलमेन्ट शिविरों का आयोजन किया गया। 1 जनवरी, 2021 के आधार पर यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है यानि जिसकी आयु आगामी 1 जनवरी को 18 साल या ज्यादा होगी, वह अभी वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिये फाॅर्म भर सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र किशन ने बताया कि शिविर में उपस्थित बीएलओ ने इस कार्यक्रम की जानकारी देकर नाम जोड़ने, काटने व वोटर आईडी में त्रुटि सुधार के आवेदन जमा किये।
जिला मुख्यालय स्थित शहीद रिपुदमन सिंह पीजी काॅलेज में आयोजित शिविर का निरीक्षण सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र की सहायक रिटर्निंग अधिकारी प्रीति मीना ने किया। उन्होंने विभिन्न कार्यों से काॅलेज आये विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम की जानकारी दी तथा स्वयं या अपने परिवार, आस-पड़ोस के व्यक्ति जिसकी आयु 1 जनवरी को 18 साल या ज्यादा होगी, को फार्म नम्बर 6 में आवेदन पत्र भरकर बीएलओ को देने के लिये समझाया। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 21 दिसम्बर तक वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने तथा संषोधन सम्बन्धी दावे तथा आपत्ति प्रस्तुत किये जा सकेगें। शिविर में उपस्थित बीएलओ ने सुबह 9 बजे से सायं 6 बजे तक उपस्थित रहकर फाॅर्म जमा किये।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया