सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, के स्टाफ कर्मियों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग तथा जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में संचालित नवाचार भविष्य की उड़ान से प्रेरित होकर एक अनुकरणीय पहल की है। विद्यालय के स्टाफ ने आपसी सहयोग से मुख्यमंत्री (जनसहभागिता) विद्यालय विकास योजना के तहत 2 लाख रुपये की राशि एकत्रित कर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में राशि का चैक जिला कलेक्टर काना राम को सुपुर्द किया।
कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीना ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत, जन सहयोग से 40 प्रतिशत राशि प्राप्त होने पर 60 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। इस जनसहयोग के परिणामस्वरूप, विद्यालय को राज्य सरकार से 3 लाख की राशि का अतिरिक्त अनुदान सहित विद्यालय को कुल 5 पाँच लाख रुपये की राशि मिलेगी। इस संपूर्ण राशि का उपयोग प्रार्थना प्रांगण में मंच और इंटरलॉकिंग कार्य करवाने में किया जाएगा।
विद्यालय प्राचार्य चंद्र शेखर जोशी ने बताया कि इससे पूर्व भी स्टाफ के सहयोग से दो कक्षों की छत और फर्नीचर आदि का कार्य करवाया जा चुका है। स्टाफ की यह पहल निश्चित रूप से जिले के अन्य विद्यालयों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनेगी। इस अवसर पर सहायक निदेशक समसा कालूराम बैरवा, विद्यालय प्राचार्य चंद्रशेखर जोशी, स्टाफ कर्मी पुष्पेंद्र, इम्तियाज, वीना गुप्ता, दामोदर, रेखा, मुकेशी मीना, मंजू शर्मा, बीना वर्मा, टीना, मुकेश मीणा, बबलू गुर्जर आदि उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
