सवाई माधोपुर: बौंली क्षेत्र की ग्राम पंचायत थडोली के पखाला गांव में सड़क मार्ग पर पानी भरा रहने के कारण विद्यालय में अध्यनरत छात्र, छात्राएं एवं आमजन बेहद परेशान है। पखाला गांव के पास ही सवाई माधोपुर जिले का प्रमुख पर्यटक एवं पिकनिक स्थल ढील डैम है इस मार्ग पर अनेकों गांव व जिले के लोग अपने परिवार के साथ वाहन लेकर ढील डैम पर घूमने एवं पिकनिक मनाने के लिए आते रहते हैं, उन्हें भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पखाला गांव में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क मार्ग पर आबादी के बीच में सीसी रोड बनाया गया था। इसके बीच में रपट बनाई गई है। उसमें हमेशा दो या तीन फीट पानी भरा रहता है। अनेकों बार ग्रामीण अपने ट्रैक्टरों से चाटी लगाकर पानी खाली करते हैं। वह फिर से बढ़ जाता है, इसके पास में छोटी पहाड़ी है, उसमें झरने का पानी इस सड़क मार्ग पर आता है।
इसके नीचे पाइप लगाकर सीसी रोड बनना चाहिए था। वह नहीं बनाया गया। इस कारण यह गंभीर समस्या बनी हुई है। इस रपट के आगे गांव का सरकारी विद्यालय है, जहां पर गांव के बालक, बालिकाएं पढ़ने जाते हैं। उन्हें बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है एवं अक्सर अभिभावकों को समय निकालकर बच्चों को लाना व ले जाना पड़ता हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
