सवाई माधोपुर: राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला शाखा सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों (Teachers) की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) (District Education Officer-DEO) को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इस दौरान दोनों अधिकारियों के साथ शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा भी हुई।

संघ के प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी तथा जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) देवीलाल मीना को दिए ज्ञापन में वर्ष 2008 में नियुक्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगति का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक जसराज सिंह चौहान के पेंशन (Pension) प्रकरण में ऑनलाइन तकनीकी खामी दूर कर शीघ्र निस्तारण कराने सहित अन्य शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश मीना को दिए गए ज्ञापन में शारीरिक शिक्षक भर्ती-2022 में नियुक्त शिक्षकों का शीघ्र स्थाईकरण, प्रतियोगी परीक्षाओं में वीक्षक ड्यूटी पारदर्शी तरीके से लगाने, प्रत्येक कार्मिक की ड्यूटी एक ही पारी में सुनिश्चित करने तथा सैकेंडरी सेटअप में वर्ष 2008 में पदस्थापित प्रबोधकों एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों (Third Grade Teachers) की वेतन विसंगति दूर करने की मांग की गई।
बैठक के दौरान दोनों अधिकारियों के साथ विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश मीना ने सभी मांगों पर नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान तक संगठन संघर्ष और संवाद दोनों माध्यमों से प्रयास जारी रखेगा, ताकि शिक्षकों को समयबद्ध न्याय मिल सके।
इस अवसर पर प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, प्रदेश संयुक्त महामंत्री गिर्राज वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना (सवाई माधोपुर), प्रदीप भारद्वाज (बरवाड़ा), ओमप्रकाश मीना (खंडार), जिला कोषाध्यक्ष मोहसिन खान, ब्लॉक मंत्री पिंकेश बैरागी, ब्लॉक उपाध्यक्ष दलेल सिंह राजावत, जिला प्रवक्ता विनोद जैन, प्रेम प्रकाश रेगर, राजेश मीना, चंद्रप्रकाश आकोदिया, राकेश मीना, महेश कुमार जोलिया, दिलीप बैरवा, भवानीशंकर रेगर, भुवनेश्वर शर्मा, देशराज मीना सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं शिष्टमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया