सवाई माधोपुर: (राजेश षर्मा) – सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर गत वर्ष हुई तेज बारिश के बाद जिला मुख्यालय पर लटिया नाले में आये सैलाब के कारण इसके किनारे बसी हुई रिहायशी कालोनियों में भारी नुकसान हुआ था। वहीं लटिया नाले पर बनी विभिन्न पुलियाऐं भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। लेकिन उनकी किसी ने सुध नहीं ली। इस वर्ष फिर से लटिया नाले में आये उफान के बाद पहले से क्षतिग्रस्त पुलियाओं के साथ और अधिक नुकसान हो गया। लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन के आलाधिकारियों को आज तक भी ये टूटी पुलियाऐं दिखाई नहीं दे रही हैं।
जिला मुख्यालय पर राजबाग बस स्टेण्ड के पास स्थित पुलिया पिछले वर्ष ही बह गई थी। इसी तरह बम्बोरी में लटिया नाले पर बनी एक पुलिया पिछले वर्ष बह गई थी, जबकि एक अन्य पुलिया भी इस वर्ष क्षतिग्रस्त हो गई है। इसी प्रकार रीको एरिया, शांति नगर, अंबेडकर कॉलोनी, ज्योति नगर, बापू नगर सहित दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी राजनगर होते हुए सीधे मुख्य बजरिया से जोड़ने वाली लटिया नाले की पुलिया पिछले दो साल से टूटी पड़ी है।
जिला मुख्यालय पर इन पुलियाओं से रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं, लेकिन बदहाल स्थिति के चलते आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अब तक किसी जिम्मेदार विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया है। जिला प्रशासन आज भी इनकी ओर आंखे मंदे दिखाई दे रहा है। जिला मुख्यालय के आम नागरिकों की मांग है कि इन पुलियाओं को जल्द से जल्द ऊंचा और चौड़ा बनाया जाए, ताकि बड़ी आबादी को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
