सवाई माधोपुर: जिले भर में पंच दिवसीय दीपों का त्यौहार दीपावली हर्षोल्लास, भाईचारे और शाति सद्भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घरों में साफ-सफाई के बाद घरों को सजाने की होड़ सी लगती हुई दिखाई दी। सारे गांव शहर रोशनी में नहाये नजर आये।
इस अवसर पर 18 अक्टूबर को धन तेरस के अवसर आयुर्वेद के भगवान धन्वन्तरी की पूजा से पंच दिवसीय त्यौहार की शुरूआत हुई। इस अवसर पर लोगों ने सोने चांदी के आभूषण, दुपहिया, चौपहिया वाहन, तथा बर्तनों के साथ ही अपने घर परिवार के लिए विभिन्न वस्तुओं की खरीददारी भी की।
हालांकि इस वर्ष सोने चांदी की बढ़ती कीमतों ने लोगों को थोड़ा मायूस भी किया। लेकिन जीएसटी की दरों में कमी से वाहनों की कीमतों में हुई कटौती से वाहनों की बिक्री में इजाफा हुआ। 19 अक्टूबर को रूप चतुदर्शी का त्यौहार मनाया गया। वहीं 20 अक्टूबर को भगवान राम के अयोध्या लौटने की याद में मुख्य त्यौहार दीपावली का पर्व मनाया गया। वहीं इस अवसर पर समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी के प्रकट होने के कारण सभी घरों में विशेष रूप से धन की देवी माता लक्ष्मी तथा भगवान गणेशजी का पूजन किया गया।
इस दौरान घरों में विभिन्न प्रकार की मिठाईयां एवं व्यंजन बनाये गये। घरों को दीपकों तथा विद्युतीय रोशनी से सजाया गया। इस वर्ष लोगों ने मिट्टी के दीपकों की खरीददारी कर वोकल फोर लोकल के नारे को भी सार्थक किया। इस दौरान सांयकाल पूजन के बाद लोगों ने खूब पटाखे भी चलाये। इस वर्ष दो दिन तक अमावस्या होने के कारण कई जगह 21 को तो अधिकांश जगह 22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजन का त्यौहार मनाया गया। 23 अक्टूबर को दोज का त्यौहार मनाने के साथ पंच दिवसीय दीपोत्सव का समापन होगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
