सवाई माधोपुर: बारिश से मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एंटी लार्वा गतिविधियों पर जोर दे रहा है। जिला एवं खण्ड स्तर पर चिकित्साकर्मियों द्वारा एंटी लार्वा गतिविधियां आयोजित की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले में भारी बारिश के चलते जगह-जगह पर पानी एकत्र हो गया है जिससे मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल वातावरण बन गया है। चिकित्साकर्मियों द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर एंटी लार्वा गतिविधिया की जा रही है।
चिकित्साकर्मियों द्वारा आम जन से अपने-अपने घरों व आसपास एकत्र पानी को नष्ट करने की अपील की जा रही है। आशा व एएनएम द्वारा भी घर-घर में सर्वे कर मच्छरों की रोकथाम के लिए आमजन को प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही गमलों, परिण्डों, छतों, जानवरों के पानी पीने के पात्र एवं छत पर रखी टंकियों में एकत्र पानी को नष्ट करवाया जा रहा है। तेज गर्मी में मच्छरों का प्रजनन कम हो जाता है, लेकिन बारिश से जगह-जगह जल भराव द्वारा मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल स्थान बन जाता है।
ऐसे में जरूरी है कि आमजन भी ध्यान रखें कि कहीं खुला और रुका हुआ पानी न रह जाए, क्योंकि मच्छर ऐसे रूके हुए पानी में ही अंडे देते हैं। ऐसे पानी को सुखा देना चाहिए। विभिन्न स्थानों पर एकत्र पानी मे एमएलओ, पाइरेथ्रम छिड़काव, साफ पानी के तालाबों पर बीटीआई, पेयजल में टेमीफोस, जल स्त्रोतों में मछरों खाने वाली गम्बूशिया मछली डाल कर मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा रही है। सीएमएचओ ने बताया कि घरों में पक्षियों के लिए रखे जाने वाले परिण्डों, कुलर को सप्ताह में एक बार साफ करें, फ्रिज के पीछे लगी ट्रे, गमले की ट्रे, फूलदान इत्यादि को नियमित रूप से साफ कर पानी बदले, छत पर पड़े टूटे-फूटे सामान, कबाड़, टायर में भरे पानी को भी साफ करें।
पानी की टंकी एवं अन्य बर्तनों को ढंक कर रखे जिससे मच्छर उसमें प्रवेश कर प्रजनन ना कर पाए। उन्होंने बताया कि विभाग ने गतिविधियां तेज करते हुए सभी अधिकारियों व कार्मिकों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं। विभागीय टीमें नियमित सर्वे, ऐंटीलार्वल गतिविधियों के साथ ही आमजन को जागरूक कर रही है। इसके अलावा जिले में नियमित रूप से फोगिंग भी करवाई जा रही है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
