सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी कस्बे के जयपुर रोड़ स्थित देवनारायण मंदिर में गत रविवार शाम को अचानक से निर्माणाधीन छत के गिर जाने से मलबे में दबे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उधर देखते ही देखते सैकड़ों की तादाद में लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई।
मलबे में दबे हुए सभी लोगों को एक-एक करके मलबे से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मिली जानकरी के अनुसार जयपुर रोड़ स्थित देवनारायण मंदिर के बीचों बीच चौक को ढकने का काम किया जा रहा था। चौक पर आरसीसी की छत डाली जा रही थी।

इस दौरान अचानक छत नीचे आ गिरी और मलबे के नीचे दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गये। मृतक मजदूरों की शिनाख्त एजाज अली, मन्नू खां और सूरज भान के रूप में हुई है। घायलों में से एक को गंभीर अवस्था में जयपुर रेफर किया गया है।
मृतक मजदूर मानपुर गांव के बताए जा रहे हैं। घायल मजदूर भी मानपुर गांव के ही हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गंगापुर सिटी अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। आज सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जायेगा. पुलिस मामलें की जांच में जुटी हुई है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया