कस्बे के भूखा मोड़ पर अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार डिडवाडी गांव निवासी भरतलाल माली और उसकी पत्नी भागवती मलारना डूंगर कस्बे में तीय की बैठक में भाग लेकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बजरी के अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे भरतलाल की मौत हो गई, और पत्नी गंभीर घायल हो गई।

भरतलाल की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ का पुलिस और प्रशासन के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ ने पहले तो पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उसके बाद हाईवे पर जाम लगा दिया। गुस्साई भीड़ के हाईवे पर जाम लगाने से पुलिस और प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। जाम की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, डिप्टी कृष्णा सांवरिया, बाटोदा, सूरवाल, सवाई माधोपुर से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मलारना डूंगर एसडीएम मनोज वर्मा, तहसीलदार किशन मुरारी मीना, नायब तहसीलदार अमितेश मीणा, थानाधिकारी जितेंद्र सिंह ने आक्रोशित भीड़ से समझाइश की। मगर गुस्साई भीड़ लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने मृतक के परिजनों को 15 का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने साथ ही अवैध बजरी के वाहनों पर प्रभावी कार्यवाही करने की मांग पर अड़ गए।
हालांकि ढाई घंटे बाद एएसपी और एसडीएम ने गुस्साए लोगों से समझाइश कर जाम खुलवाया। जाम के चलते हाईवे पर दोनों तरफ 2 किलोमीटर तक लंबी वाहनों की कतार लग गई थी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया