दौलतपुरा गांव से 16 फरवरी की रात्रि को 2 बजे के आसपास चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविकांन्ता जाट निवासी दौलतपुरा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज कराया था जिस पर मामला दर्ज किया गया था। थाना स्तर पर हैड कांस्टेबल बलवीर सिंह व कांस्टेबल इरफान के नेतृत्व में तलाश हेतु टीम का गठन किया गया।

एसपी हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर हिमांशु शर्मा के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी वृत्त ग्रामीण अनिल डोरिया के निकट सुपरविजन में पुलिस थाना खण्डार पर थानाधिकारी महेश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की जाकर तलाश हेतु रवाना की गई। टीम द्वारा हाईवे के टोल नाके एवं कोटा के अभय कमाण्ड के सीसीटीवी कैमरों को चैक कर संदिग्धों की पहचान की जाकर साईबर तकनीक की मदद से संदिग्ध का पीछा किया गया। घटना की रैकी में प्रयुक्त वाहन मोटरसाइकिल की पहचान कर टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाश करते हुए लुधियाना पहुंचे। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली थाना ब्रेटा में निर्माणाधीन जखाल बुधलाड़ा रोड़ पर खड़ा नजर आया। जिसे बरामद कर लिया गया। मामल में संदिग्ध अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया