सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले में मंगलवार रात को हुई भारी बारिश के बाद राजकीय आयुर्वेद औषधालय परिसर एवं भवन में कई फीट पानी भर गया। वहीं जिला मुख्यालय स्थित रणथंभौर सेविका अस्पताल में पानी भर गया। चिकित्साधिकारी प्रभारी डॉ. विजय शंकर बैरवा एवं वरिष्ठ कंपाउडर रामजीलाल साहू ने बताया कि औषधालय के पास से निकल रहे बरसाती नाले के पानी की निकासी की पूरी व्यवस्था नहीं होने से नाले का पानी औषधालय में भर गया।
जिससे मरीजों के साथ ही स्टाफ को भी आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉ. विजय शंकर बैरवा ने बताया कि औषधालय की पक्की चारदीवारी नहीं होने के कारण बारिश का पानी औषधालय में भर जाता है, जिससे औषधालय में रखी औषधियां, रिकॉर्ड एवं अन्य सामान खराब होने की संभावना बनी रहती हैं।
औषधालय भवन के बाहर लगे हुए हर्बल गार्डन में भी औषधीय पादप भी जल भराव के कारण खराब होने लगे हैं। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय उच्च अधिकारियों को लिखित में अवगत करवा दिया गया है। गत वर्ष भी बारिश के समय औषधालय में कई दिन तक पानी भरा रहा था। इसी प्रकार जिला मुख्यालय पर स्थित रणथंभौर सेविका अपेक्स हॉस्पिटल में भी पानी भर जाने से मरीजों कों बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
