सवाई माधोपुर: खरीफ 2025 सीजन के लिए सवाई माधोपुर जिले में उद्यान विभाग द्वारा हरि मिर्च, टिंडा और प्याज की फसलों को पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित किया गया है। उपनिदेशक उद्यान डॉ. हेमराज मीणा ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को मौसम की अनिश्चितताओं जैसे कम या अधिक वर्षा, सूखा, असामान्य तापमान और तेज हवाओं से होने वाले संभावित नुकसान से वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान 31 जुलाई, 2025 तक अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं की मार से बचाने और उनकी आजीविका को सुरक्षित करने हेतु शुरू की गई है।
योजना के तहत बीमा राशि प्रति हेक्टेयर निर्धारित: उन्होंने बताया कि योजना के तहत बीमा राशि प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। जिसमें हरि मिर्च 106320, प्याज 197814, टिंडा 79164 निर्धारित की है।
किसानों को केवल 5 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होगा: हरि मिर्च के लिए 5,316.60, प्याज के लिए 9890.70, टिंडा के लिए 3958.20 है। शेष प्रीमियम राशि का वहन केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत अधिसूचित फसलों को कम वर्षा, अत्यधिक वर्षा, लगातार सूखा, असामान्य आर्द्रता, अत्यधिक या न्यून तापमान, बेमौसम बरसात और तेज हवाओं जैसी स्थितियों में हुए नुकसान से सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने जिले के सभी उद्यान उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी फसलों का समय पर बीमा करवाकर सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
