सवाई माधोपुर: मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत गुरुवार को पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत सेवा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर महिला कृषकों के लिए खुशियां लेकर आया। शिविर में 119 कृषक महिलाओं को सरसों की उन्नत किस्म आरएच-725 के नि:शुल्क मिनी किट वितरित किए गए। सेवा गांव की कृषक सुगनो देवी पत्नी गिरिराज मीना बताती हैं कि हमने हाल ही में बाजरे की कटाई कर खेतों की जुताई पूरी की थी। ऐसे समय पर सरसों के मिनी किट मिलना हमारे लिए वरदान जैसा है।
इससे हम समय पर फसल बुवाई कर पाएंगे और अच्छी पैदावार की उम्मीद है। महिलाओं ने सरकार और जिला प्रशासन के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
अब तक जिले में कृषि विभाग द्वारा 27 हजार 400 किसानों को बीज मिनी किट वितरित किए जा चुके हैं, वहीं 32 हजार किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी का लाभ मिला है। शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों ने तारबंदी, पाइपलाइन, फार्मपोंड और कृषि यंत्र जैसी अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी तथा अधिक से अधिक पंजीयन कराने का आग्रह किया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
