सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के 5 चिन्हित स्थानों पर अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत 5 अन्नपूर्णा रसोई वैन शीघ्र ही शुरू की जाएंगी।
नगर परिषद की सभापति विमला शर्मा ने बताया कि इन 5 अन्नपूर्णा रसोई वैन में आमजन के लिये 5 रूपये में नाश्ता तथा 8 रूपये में भोजन दिया जाएगा।
नगर परिषद सभापति ने सोमवार को नगर परिषद स्थित अपने कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंसको सम्बोधित करते हुए बताया कि शहर के राजकीय अस्पताल, खंडार बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन के गौरवपथ, खेरदा तथा हम्मीर सर्किल पर उक्त 5 अन्नपूर्णा रसोई वैन शुरू की जाएंगी।
यह रसोई वैन सवेरे 8 बजे से रात्रि साढ़े 9 बजे तक आमजन को नाश्ते में इडली सांभर, कड़ी कचोरी जैसे आहार उपलब्ध करवाएगी। इसी प्रकार भोजन में दाल, आलू प्याज, चावल, जीरा राइस तथा रोटी आदि परोसे जाएंगे। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई योजना का लाभ आमजन को मिल सके इसके लिये नगर परिषद सवाई माधोपुर कार्य योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण नाश्ता और भोजन उपलब्ध करवाने के लिये परिषद की ओर से नोडल अधिकारी इन अन्नपूर्णा रसोई वैन पर निगरानी रखेंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
