सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर सरकारी विभागों की सामंजस्यपूर्ण कार्यप्रणाली का उदाहरण देखना हो तो इन दिनों आवासन मण्डल में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को देखा जा सकता है। हाउसिंग बोर्ड में नवीन सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इस दौरान पूर्व में खराब हो चुकी सड़कों की खुदाई के दौरान पेयजल की पाइप लाइन टूट गई। लेकिन कई दिनों तक सड़के खुदी हुई पड़े होने के बावजूद भी अभी तक पेयजल विभाग द्वारा टूटी हुई पानी की पाइप लाइनों को ठीक नहीं किया गया है।
ऐसे में हाउसिंग बोर्ड हनुमान नगर चौराहे के पास पानी की मुख्य लाइन टूटी हुई होने से सुबह बहुत अधिक मात्रा में अमूल्य नीर पेयजल बह रहा है। वहीं पेयजल सप्लाई बन्द करने के बाद यही गंदा पानी पाइप लाइन में चला जाता है, जिससे लोगों को गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। यही नहीं जलदाय विभाग द्वारा अभी तक टूटी पाइप लाइन सही नहीं की गई है और सड़क निर्माण करने वालों ने सड़क निर्माण कार्य के लिए गिट्टी और मिट्टी डालना शुरू कर दिया है।
ऐसे में जब वर्षों बाद किया जा रहा सड़क निर्माण कार्य पूरा होगा तो जलदाय विभाग द्वारा टूटी पेयजल लाइनों को ठीक करने के लिए इन नई बनी हुई सड़कों को फिर से तोड़ा जाएगा। आवासन मण्डल के लोगों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि नवीन सड़क निर्माण कार्य होने से पहले टूटी हुई पेयजल लाइनों को ठीक कराया जाये। जिससे नई बनने वाली सड़कें कुछ समय तो सही रह सकें।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
