बिहार: Bihar की राजधानी पटना (Patna) के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार को खान सर (Khan Sir) के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर के बाहर हंगामा करते हुए कई राउंड फायरिंग की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कोचिंग सेंटर के गार्ड के साथ मारपीट भी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान कोचिंग सेंटर को नुकसान पहुंचाया गया और कथित तौर पर धमकी भी दी गई। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके संस्थान को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने और बेहतर परिणामों के कारण उनके संस्थान को परेशान करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घायल गार्ड का बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया