कोटा: खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety) ने कोटा (Kota) के चंबल इंडस्ट्रियल एरिया (Chambal Industrial Area) में बड़ी कार्रवाई करते हुए कैफीनेटेड बेवरेज (Caffeinated beverages) के रूप में बेचे जा रहे उत्पादों पर शिकंजा कसा है। टीम ने स्टिंग (Sting) और एड्रीनलीन रश ब्रांड (Adrenaline Rush Brand) के कुल 13,410 बोतलें और कैन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.70 लाख रुपये बताई गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO Kota) डॉ. नरेन्द्र नागर ने बताया कि FSSAI के नियमों के अनुसार कैफीनेटेड बेवरेज पर “एनर्जी ड्रिंक” (Energy Drink), “स्पोर्ट्स ड्रिंक” (Sports Drink), “स्टिम्युलेट्स माइंड” (Stimulates the mind) या “एनर्जाइज बॉडी” (Energize the body) जैसे दावे करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कार्रवाई के दौरान स्टिंग रेड (Red Sting) और स्टिंग येलो (Yellow Sting) की कुल 9,570 बोतलें, जबकि एड्रीनलीन रश की 3,840 बोतलें/कैन जब्त किए गए। साथ ही स्टिंग के दो और एड्रीनलीन रश का एक सैंपल जांच के लिए लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार इन पेयों में कैफीन (Caffeine) की मात्रा अधिक होती है, जो विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं (Pregnant Women), स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती है। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर (Bikaner) भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना, चन्द्रवीर सिंह और मोजीलाल कुंभकार की टीम ने अंजाम दिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया