उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड मामले को लेकर बौंली में आज बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के आह्वान पर नगर पालिका मुख्यालय बौंली पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध जताया। इस दौरान निजी स्कूलों पर भी बंद का व्यापक असर देखने को मिला। क्षेत्र के अधिकांश निजी शिक्षण संस्थान भी बंद रहे। वहीं क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर लगभग सभी प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहे। विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के नेतृत्व में खेड़ापति हनुमान मंदिर पर सामूहिक सत्संग के बाद मुख्य निवाई रोड़ पर पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी और विरोध-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कन्हैयालाल के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की। वहीं प्रदर्शनकारियों ने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। जिसके बाद उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कन्हैयालाल के हत्यारों को फांसी की सजा देने, वारदात से जुड़े हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने, कन्हैया लाल के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने व आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की मांग की गई।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया