अखिल भारतीय सर्वभाषा संस्कृति समन्वय समिति के प्रतिष्ठित वैश्विक पटल पर एक सार्थक संवाद का वर्चुअल आयोजन हुआ। इस सार्थक संवाद में लब्ध-प्रतिष्ठ साहित्यकार जय प्रकाश पांडेय की पुस्तक पगडंडी में पहाड़ पर समीक्षात्मक गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें बैंगलोर से ज्ञान चंद मर्मज्ञ, सवाई माधोपुर से डॉ. मधु मुकुल चतुर्वेदी तथा नई दिल्ली से डॉ. पुष्पलता भट्ट ने अपने समीक्षात्मक आलेखों का वाचन किया। पगडंडी में पहाड़ जय प्रकाश पांडेय द्वारा रचित एक यात्रा वृत्तान्त है जोकि यायावरी प्रवृत्ति का एक व्याख्यान है। इस पुस्तक में मसूरी और उसके आस पास की हिमालय की सुंदरता का प्रचुर वर्णन किया गया है।
पुस्तक में देव भूमि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के भू-भाग के हिमालय में स्थित प्रसिद्ध स्थलों के बारे में विस्तार से वर्णन किया गया है। पुस्तक में पहाड़ों के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ साथ पहाड़ी जीवन की कठिनाइयों और समस्याओं का भी बहुत सटीक विवरण प्रस्तुत किया गया है। लेखक प्रवर जय प्रकाश पांडेय की उपस्थिति में हुए इस आयोजन की अध्यक्षता गाजियाबाद से प्रज्ञान पुरुष पंडित सुरेश नीरव ने की तथा संचालन जर्मनी से डॉ. शिप्रा शिल्पी ने किया। उत्साहजनक संख्या में देश-विदेश से उपस्थित हुए सुधि जनों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।