झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में 5 से 7 जनवरी तक महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित देश भर से पुलिस अधिकारी आएंगे। इस दौरान 3 दिन तक राजधानी के कुछ मार्गों पर वीवीआईपी मूवमेंट की अधिकता रहेगी। ऐसे में इन मार्गों से आमजन के वाहनों को कौनसे वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाए, इसकी तैयारियों में प्रशासन अभी से ही जुट गया है।
पीएम मोदी का सम्मेलन के दौरान दो दिन और गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिन जयपुर में रुकने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री मोदी राजभवन स्थित गेस्ट हाउस तो गृहमंत्री शाह भी सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। इसके अतिरक्त सभी राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के डीजीपी व अन्य पुलिस अफसर सम्मेलन के लिए जयपुर आएंगे।

अफसर ठहरेंगे विधायक के नए बने फ्लैट में
सम्मेलन में आने वाले पुलिस अफसर विधानसभा के पास स्थित विधायकों के नए बने फ्लैट में रुकेंगे। विधायक आवास के 35 फ्लैट बुक करवाए जा चुके है। वीवीआईपी व वीआईपी के ठहरने वाले स्थान से सम्मेलन में आने व जाने के दौरान सिविल लाइंस, भवानी सिंह रोड, सचिवालय के आस-पास, रामबाग, जेडीए, जेएलएन मार्ग सहित आस-पास के अन्य मार्गों पर आम ट्रैफिक की आवाजाही बंद रहेगी। यहां से निकलने वाले आम ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया