सवाई माधोपुर: राज्य मंत्री, गृह, गोपालन, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य विभाग जवाहर सिंह बेढ़म शनिवार को सवाई माधोपुर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान पिपलाई सरपंच अनबो देवी ने मुख्य अतिथि राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं पूर्व विधायक गंगापुर सिटी मानसिंह गुर्जर की उपस्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपलाई के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने 1 करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपलाई के नवनिर्मित भवन में लेबोरेट्री, पर्ची काउंटर, निःशुल्क दवा वितरण केंद्र, टीकाकरण कक्ष, जनरल वार्ड का अवलोकन किया।
राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के हर व्यक्ति को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दौरान राज्य मंत्री बेढ़म ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी सरकार पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के माध्यम से चंबल कालीसिंघ पार्वती नदी का पानी भरतपुर लालसोट की धरती पर लाकर खेती की प्यास बुझाने का भागीरथी कार्य कर रही है। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का सपना साकार हुआ है।
आयुष्मान भारत कार्ड वितरित कर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान:– मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के माध्यम से 25 लाख रुपये तक के वार्षिक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है, जिससे गरीब और वंचित वर्ग को निजी अस्पतालों में भी निशुल्क इलाज मिल रहा है। इस अवसर पर मंत्री बेढ़म ने मनभर, शिमला देवी, सतरा, शंभूदयाल सैनी सहित 16 लाभार्थियों को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए।
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजना से जुड़कर अपने परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस दौरान मंत्री ने सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को अस्पताल में रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
