मुंबई: कई सुपरहिट धारावाहिकों के निर्माता और निर्देशक रहे 80 साल के अभिनेता धीरज कुमार का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। धीरज कुमार को शनिवार को निमोनिया की बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गंभीर हालत में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
उनके एक करीबी सूत्र ने बताया है कि मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के चलते धीरज कुमार ने आज सुबह 11:30 बजे अंतिम सांस ली। 1960 के दशक में एक जानी-मानी पत्रिका की तरफ से आयोजित एक टैलेंट हंट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद धीरज कुमार ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।
उन्होंने ‘उधार का सिंदूर’, ‘सरगम’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘स्वामी’, ‘रातों का राजा’, ‘हीरा पन्ना’, ‘क्रांति, ‘मांग भरो सजना’, ‘पुराना मंदिर, ‘कर्म युद्ध’ और ‘बहुरूपिया’ जैसी तमाम फिल्मों में काम किया है। साल 1986 में धीरज कुमार ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘क्रिएटिव आई’ की स्थापना की। इस प्रोडक्शन में कई फिल्मों के अलावा लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक भी बने थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
