जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी.सिंह पोषण मुहिम के तहत पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के साथ पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत श्यामपुरा के आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे। यहां उन्होंने केन्द्र पर नामांकित नन्हें-मुन्नें बच्चों को अपने हाथों से हलवा परोसा। जिला कलेक्टर पोषण मुहिम के तहत हर सप्ताह जिले के किसी आंगनबाड़ी केन्द्र में जाते हैं और वहां बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के संकल्प के साथ अपने हाथों से हलवा परोसकर खिलाते हैं।

जिला कलेक्टर डॉ. सिंह ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के नामांकन की स्थिति जानी तथा साफ-सफाई के संबंध में भी निर्देश दिए। आंगनबाडी केन्द्र पर सफाई व्यवस्था दुरस्त करवाने, लाइट एवं शौचालय की व्यवस्था के संबंध में विकास अधिकारी को निर्देश दिए। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आंगनबाडी केन्द्र पर दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता को स्वयं चखकर जांचा। उन्होंने आंगनबाडी कार्यकर्ता को भी पोषाहार पहले स्वयं चखकर बच्चोें को खिलाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर कलेक्टर ने सरपंच सहित ग्रामीणों को अपने जीवन के किसी खास दिन बच्चों को पौष्टिक भोजन खिलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग से बच्चों को हर सप्ताह पौष्टिक भोजन मिल सकता है। कलेक्टर के आव्हान पर बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने कलेक्टर की मुहिम से जुड़ने तथा बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने का संकल्प लिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया