मुख्य सचिव निरंजन आर्य 23 मार्च को सुबह 11 बजे राज्य के सभी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की वीसी के माध्यम से बैठक लेंगे। इस वीसी की तैयारियों के सम्बंध में आज गुरूवार को जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने कलेक्ट्रेट में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को “रिफ्लेक्टर नहीं तो वाहन नहीं” अभियान को पूरी जन भागीदारी से संचालित करने के निर्देश दिये। जिले में 26 जनवरी से शुरू हुए अभियान में अब तक 2767 वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाये गये तथा 288 वाहनों के चालान काटे गये। यह अभियान पूरे साल चलेगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि परिवहन विभाग वाहन डीलर, फिटनेस सेंटर को निर्देशित करें कि उनके यहॉं आने वाले किसी भी वाहन में रिफ्लेक्टर नहीं है तो इसे लगायें। जिले के सभी टोल नाकों पर नाका संचालक नाके के दोनों ओर अपने कार्मिकों से गैर रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवायें।
कलेक्टर ने समेकित सड़क दुर्घटना डेटाबेस की क्रियान्विति की भी समीक्षा की। जिले में 5 ब्लैक स्पॉट जहॉं पिछले कुछ सालों में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, उनको चिन्हित कर वहॉं सड़क डिजाइन में परिवर्तन, चेतावनी बोर्ड लगाने आदि कार्य किये जाएंगे। हेलमेट, ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग व नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग आदि बिन्दुओं पर पालना रिपोर्ट की भी जिला कलेक्टर ने समीक्षा की।