सवाई माधोपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत केंद्र द्वारा जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम के मुख्य आतिथ्य में दशहरा मैदान सवाई माधोपुर में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर काना राम ने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में इस तरह की प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए प्रेरित किया तथा भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान का संदेश “फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं बल्कि यह अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र प्रेम की भावना को भी सशक्त करते हैं। युवाओं को खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए तथा जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।प्रतियोगिता में सितम्बर एवं अक्टूबर माह में आयोजित की गई चार ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओ के विजेता प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं मलारना डूंगर, बौंली, सवाई माधोपुर एवं गंगापुर सिटी में आयोजित की गई थी।
इस अवसर पर समाजसेवी भरतलाल मथुरिया ने प्रतिभागी टीमों से परिचय कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और खेल भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में कबड्डी में प्रथम स्थान पर गंगापुर सिटी की टीम रही, वहीं 100 मीटर रेस में गोलू मीना विजेता रहे तथा लंबी कूद में अंकुश विजेता रहे। महिला वर्ग में रस्सा-कसी में प्रथम विजेता गंगापुर सिटी की टीम रही, 100 मीटर रेस में अंतिमा वर्मा रही व लंबी कूद में अंतिमा वर्मा विजेता रही। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले समस्त युवाओं व आयोजक टीम को माय भारत टी-शर्ट वितरित की गई। जिला कलक्टर ने विजेताओ को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
