सवाई माधोपुर: Sawai Madhopur प्रमुख चिकित्सा अधिकारी तेजराम मीणा (CMHO Sawai Madhopur) ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय (General Hospital Sawai Madhopur) के एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग (Mother & Child Health) का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम (Labour room), मदर मिल्क बैंक (Mother Milk Bank), पीएनसी वार्ड (PNC Ward), पीडियाट्रिक वार्ड (Pediatric Ward), ऑपरेशन थिएटर (Operation Theatre) सहित विभिन्न वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया और सामने आई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने सभी वार्ड प्रभारियों को विजिटर्स बुक संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों और सुधार कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसी, बिजली और लाइट व्यवस्था की समीक्षा:
तेजराम मीणा ने एमसीएच विंग में सेंट्रल एसी, विद्युत व्यवस्था और लाइटिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में एसी सुचारू रूप से संचालित हो और जहां तकनीकी खामियां हों, उन्हें तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही अस्पताल के सभी वार्डों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बारिश के मौसम को लेकर सतर्क रहने के निर्देश:
बरसात (Monsoon) के मौसम को देखते हुए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल परिसर में जलभराव, छत से पानी के रिसाव, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने और सभी विद्युत उपकरणों की जांच कराने के निर्देश दिए।
लेबर रूम में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर:
निरीक्षण के दौरान लेबर रूम में प्रसव सखी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने स्टाफ को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर उपचार और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सात दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई:
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण में मिली सभी कमियों को सात दिनों के भीतर दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. एस.एन. अग्रवाल, अंजनी मथुरिया, नर्सिंग अधिकारी गिर्राज सिंघल, हिमांशु शर्मा, अब्दुल मजीद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया