सवाई माधोपुर: प्रदेश के कृषि मंत्री एवं सवाई माधोपुर विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के विशेष प्रयासों से जिले के किसानों के लिए एक अच्छी सूचना है। बुधवार को यूरिया खाद की एक बड़ी रैक सवाई माधोपुर पहुंची है। इस रैक के आने से जिले में खाद की किल्लत नहीं रहेगी और किसानों को गेहूं, चना तथा सरसों आदि रबी फसलों के लिए खाद समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डॉ. मीणा ने किसानों की आवश्यकता को देखते हुए केंद्र सरकार स्तर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए बातचीत की।
इसके परिणामस्वरूप जिले के लिए 2,677.42 टन यूरिया खाद की रैक उपलब्ध करवाई गई। इस रैक में कुल 59,498 कट्टे प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत खाद को जिला क्रय-विक्रय सहकारी समितियों एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों में भेजा जा चुका है, ताकि जरूरतमंद किसानों को प्राथमिकता के साथ खाद मिल सके। शेष खाद निजी विक्रेताओं को उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, आगामी 3-4 दिनों में इफको कंपनी की एक और रैक जिले में पहुंचने वाली है, जिसके बाद सवाई माधोपुर में खाद की कमी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त रैक मंगाने की कार्रवाई भी जारी रहेगी, ताकि किसानों को किसी भी परिस्थिति में खाद का संकट न झेलना पड़े। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित सहकारी समितियों से आवश्यकता अनुसार खाद प्राप्त करें। जल्द आने वाली दूसरी रैक के बाद जिले में खाद की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
