सवाई माधोपुर: राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 11 से 25 दिसम्बर तक सड़क सुरक्षा अभियान आयोजित किया जा रहा है। जिला प्रशासन, परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अभियान के तीसरे दिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा ने “सड़क सुरक्षा नियमों का करो सम्मान, ना होगी दुर्घटना, ना होंगे आप परेशान” थीम पर बाइक रैली को पुलिस लाइन मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली पुलिस लाईन मैदान से प्रारम्भ होकर कलेक्ट्रेट, गणेश होटल, एचडीएफसी बैंक, टोंक बस स्टैण्ड, शर्मा होटल, अम्बेडकर सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर बाइक चालकों का स्वागत किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन: सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहुनगर में जिला कलक्टर काना राम के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से की गई।
यातायात जागरूकता पोस्टर का विमोचन: कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर काना राम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जारी यातायात जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। जिला कलक्टर ने उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों एवं विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु यातायात नियमों की पालना करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान: इस अवसर पर गुरुवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रश्नोत्तरी, निबंध, वाद-विवाद, स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन अध्यापिका गीता जेलिया द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जैमिनी ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिले में वाहन चालकों की नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच हेतु विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर में विद्यार्थियों की आंखों की जांच भी की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा, एडीपीसी समसा दिनेश गुप्ता, यातायात प्रभारी राकेश शर्मा, परिवहन विभाग से महेश गुप्ता, सुरेश मीणा, अजहरूद्दीन खान, जसकौर मीणा, रामचरण गुर्जर, तरुण कुमार मीणा, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
