सवाई माधोपुर: विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय सवाई माधोपुर द्वारा एक ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर वास्तविक दुनिया के अनुभव प्रदान करना तथा इतिहास संस्कृति विज्ञान एवं भूगोल जैसे विषयों की व्यावहारिक और गहन समझ विकसित करना रहा। इस शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत विद्यालय की कक्षा 6 से 10 तक के कुल 120 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने टोंक जिले के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोज कुमार मीना ने भ्रमण दल की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुरातात्विक स्थल हाथी भाटा, अरबी-फारसी शोध संस्थान, शाही जामा मस्जिद, सुनहरी कोठी और बनास नदी तट स्थित फ्रेजर ब्रिज का अवलोकन किया। अरबी-फारसी शोध संस्थान में विद्यार्थियों को ऐतिहासिक और दुर्लभ धरोहरों की जानकारी दी गई। जिनमें शाहजहांनामा, महाभारत, तुजुके बाबरी, विश्व की विशालतम कुरान पाक, प्राचीन सिक्के, अभिलेख, शाही फरमानों की प्रतियां, मुहरें तथा अरबी-फारसी के महत्वपूर्ण प्राचीन ग्रंथ शामिल रहे। विद्यार्थियों ने टोंक रियासत कालीन स्थापत्य कला, चित्रकला, कैलिग्राफी एवं साहित्यिक रचनाओं को देखकर गहरी रुचि और उत्साह व्यक्त किया।
वहीं शाही जामा मस्जिद एवं सुनहरी कोठी की स्वर्ण जड़ाई एवं पच्चीकारी ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। यह शैक्षिक यात्रा न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी बल्कि उनके भीतर टीम वर्क आपसी सहयोग अनुशासन एवं सामाजिक कौशल को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुई। संस्था प्रधान जुबेर अहमद ने बताया कि हॉस्टल लौटने के पश्चात विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस भ्रमण को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
