सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” निरंतर उल्लेखनीय परिणाम दे रही है। अप्रैल 2022 से प्रारंभ इस नवाचार के अंतर्गत जिले के जागरूक एवं उदार भामाशाहों द्वारा अब तक लगभग 35 करोड़ रुपये का सहयोग विद्यालयों के भौतिक विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा शैक्षिक वातावरण के उन्नयन हेतु प्रदान किया जा चुका है।
इस सामुदायिक योगदान से जिले के राजकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों के हित में व्यापक सुधार सुनिश्चित हुआ है। एडीपीसी समग्र शिक्षा दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि भामाशाहों की इस अनुकरणीय भूमिका को सम्मानित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आगामी माह 6 फरवरी, 2026 को चतुर्थ जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
भामाशाह सम्मान समारोह के आयोजन से जुड़ी तैयारियों को लेकर एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आयोजन की तैयारियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। “भविष्य की उड़ान” नवाचार प्रभारी हेमराज मीना ने जानकारी दी कि अब तक तीन बार जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का 10 अगस्त 2022, 5 मई 2023 एवं 26 जुलाई 2025 को सफलतापूर्वक आयोजन किए जा चुका हैं, जिससे जिले में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है तथा भामाशाहों में प्रेरणा, गौरव एवं उत्साह का संचार हुआ है।
आगामी माह में चतुर्थ भामाशाह सम्मान समारोह के आयोजन हेतु ब्लॉक एवं पीईईओ स्तर से भामाशाहों की सूचनाएं एकत्रित करने सहित अन्य आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिला कलक्टर एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में जिले के उन भामाशाहों, दानदाताओं, सामाजिक संस्थाओं एवं गैर-सरकारी संगठनों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण एवं मरम्मत, फर्नीचर उपलब्ध कराने, डिजिटल संसाधनों के विकास, पर्यावरणीय सुधार तथा छात्रहितैषी शैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गौरतलब है कि भामाशाहों का यह योगदान न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बना रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
