कोटा: राजस्थान के कोटा (Kota) जिले में बाल विवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल कर अपनी शादी रुकवाने की गुहार लगाई। लड़की ने बताया कि उसके माता-पिता 26 अप्रैल को जबरन उसकी शादी करवा रहे हैं और वि*रोध करने पर मा*रपीट करते हैं। डर के कारण वह घर से निकलकर डीसीएम रोड पहुंच गई। सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
काउंसलिंग के बाद उसे फिलहाल राजकीय बालिका गृह में अस्थाई आश्रय दिया गया है। मामले में उद्योग नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं, कुन्हाड़ी क्षेत्र में प्रशासन ने एक और कार्रवाई करते हुए 21 साल से कम उम्र के युवक का बाल विवाह भी रुकवाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेज जांचे और उम्र कम पाए जाने पर परिजनों को चेतावनी देकर शादी तुरंत रुकवा दी। प्रशासन ने साफ किया है कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
