सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) शहर के पुराने क्षेत्र स्थित तेलन पंसेरी बालाजी मंदिर (Balaji Mandir) के पास लगातार कचरा (Garbage) डाले जाने से श्रद्धालुओं (Devotees) और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मंदिर परिसर के बाहर एकत्रित हुए और मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां कचरा नहीं डालने की समझाइश दी। इस दौरान नगर परिषद (Nagar Parishad Sawai Madhopur) के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के आसपास नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ लोग भी खुले में कचरा डाल देते हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। लोगों ने बताया कि मंदिर के पास स्थित प्राचीन बावड़ी और उससे जुड़े धार्मिक स्थल तक भी कचरा पहुंच रहा है, जिससे बावड़ी का पानी दूषित हो रहा है और धार्मिक स्थल की स्वच्छता प्रभावित हो रही है।
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में प्रतिदिन ऑटो-टीपर के माध्यम से घर-घर से कचरा संग्रहण किया जाता है और मंदिर के पास जमा कचरा भी नियमित रूप से उठाया जाता है। हालांकि, सफाई के बाद कुछ लोग दोबारा उसी स्थान पर कचरा डाल देते हैं, जिससे समस्या बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि खुले में पड़े कचरे को आवारा पशु खा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। वहीं दुर्गंध के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद से मंदिर परिसर के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया