जिला प्रभारी मंत्री परसादीलाल मीणा ने आज शनिवार को गंगापुर सिटी सदर थाना के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने स्थानीय विधायक रामकेश मीणा के साथ फीता काट कर तथा शिला पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री ने थाना प्रभारी श्रीकिशन मीणा को उसकी कुर्सी पर बैठाया तथा आम जन में विश्वास, अपराधियों में भय के ध्येय को धरातल पर शत प्रतिशत साकार करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि गंगापुर सिटी में स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के कारण मेरा यहाँ से भावनात्मक लगाव है। यहॉं के विकास के लिये मैं सदैव तत्पर हूँ।

प्रभारी मंत्री ने स्थानीय विधायक रामकेश मीणा की मांग पर आश्वासन दिया कि वे रामकेश के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर अगले बजट में उप जिला अस्पताल के नये भवन के लिये राशि आवंटन का पूरा प्रयास करेंगे। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय को क्रमोन्नत करवाने का प्रयास किया जाएगा। गंगापुर सिटी का काफी हिस्सा कंजेस्टेड हो गया है जिससे यातायात की भारी समस्या है। इसका भी समाधान करवाया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि यह भवन 2 करोड़ 63 लाख रूपये की लागत से बना है। उन्होंने प्रभारी मंत्री और विधायक रामकेश मीणा को थाना भवन के मालखाना, रेकार्ड रूम, स्टोर, डोरमेट्री, बैरक, डाइनिंग हाल, लेडिज रूम आदि का अवलोकन करवाया। कार्यक्रम में एएसपी हिमांशु शर्मा, एसडीएम अनिल चौधरी, गंगापुर सिटी पुलिस उप अधीक्षक कालूराम मीणा, बामनवास उप अधीक्षक तेजकुमार पाठक, बाटोदा एसएचओ जगदीश भारद्वाज, वजीरपुर एसएचओ भरतसिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया