देशभर में पिछले कुछ समय में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन बढ़ा है। विभिन्न राज्यों में अलग-अलग तरीकों से अब पब्लिक परिवहन हो या निजी वाहन हो, हर जगह इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है और लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपना भी रहे हैं। वहीं, पर्यावरण को बचाने और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की भूमिका पिछले कुछ सालों में बढ़ी है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर भी इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर काफ़ी ध्यान दिया जा रहा है। खासकर पब्लिक परिवहन में बसों को इलेक्ट्रिक वाहनों में तब्दील करने की प्रक्रिया जारी है और अब मुंबई के समुद्र में भी इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल किया जाना है।
इसी कड़ी में मुंबई में अगले महीने से समुद्र मार्ग पर इलेक्ट्रिक वॉटर टैक्सी चलेगी। मुंबई के ट्रास्पोर्ट संरचना में पिछले कुछ सालों में बड़े बदलाव देखे गए हैं। इस बड़े बदलाव में इलेक्ट्रिक वाहनों का काफ़ी बड़ा योगदान रहा है। मुंबई में इलेक्ट्रिक टैक्सी दिसंबर महीने से शुरू की जा रही है। ये टैक्सी दक्षिण मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया से नवी मुंबई मार्ग पर बेलापुर के बीच चलाई जानी है।