जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी. सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, खनिज विभाग, जिला परिवहन विभाग, पुलिस, वन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियो को निर्देश दिए कि वे सामूहिक रूप से अभियान चलाकर अवैध बजरी खनन के खिलाफ कठोर कार्यवाही करें। जिला कलेक्टर डॉ.एस.पी. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खनिज समिति एवं टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन हुआ।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि सामूहिक रूप से अवैध बजरी खनन के खिलाफ के कार्यवाही की जाए तथा जब्त की गई बजरी की नीलामी की नियमानुसार कार्यवाही करें। इसी प्रकार अवैध खनन के काम आने वाली जेसीबी, लोडर के खिलाफ भी कार्यवाही करें। ओवरलोड ट्रेक्टर एवं ट्रोली, ट्रक के खिलाफ भी कार्यवाही की जाए। ट्रोलीयों में अवैध रूप से फंटे लगाकर किए जा रहे बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जाए। उन्होंने बजरी खनन में काम लिए जाने वाले लोडर, जेसीबी तथा ट्रैक्टर ट्रालियों के रजिस्ट्रेशन की जांच करने तथा बजरी परिवहन करने वाले वाहनों पर वाहन नम्बर अंकित करने लिए परिवहन विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए जुर्माना किया जाए तथा रिपीटर कार्यवाही की जाए। अवैध बजरी खनन के खिलाफ की गई कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी करवाएं। निश्चित स्थान एवं नाके चिन्हित कर कार्यवाही करें, जिससे प्रभावी कार्यवाही हो सके तथा अवैध बजरी खनन करने वालों को रोका जा सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने दूसरे जिलों से आने वाली गाडियों की नाकों पर विशेष जांच एवं कार्यवाही करने, इसके लिए पडोसी जिलों के साथ समन्वय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सुरक्षा बल भी शीघ्र उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध बजरी परिवहन में काम आने वाले वाहनों के चालान किए जाएं। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने कार्यवाही की बात कही।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने खनिज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अवैध खनन के मामलों में चालान तथा खनिज एक्ट में कार्यवाही करें। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अवैध खनन के मामलों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध खनन के मामलों में खनिज अधिनियम के तहत नियमानुसार जुर्माना आरोपित किया जाए, जिससे इस तरह के प्रकरणों की संख्या कम हो। बैठक में बौंली, मलारना डूंगर उपखंड अधिकारियों ने भी अवैध बजरी खनन के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए की जाने वाली सामूहिक कार्यवाही के लिए कार्ययोजना बताई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, जिला परिवहन अधिकारी पी.आर.जाट समस्त उपखंड अधिकारी, खनिज विभाग के एमई मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया