सवाई माधोपुर: ग्राम पंचायत उदगांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2025-26 ने दो भाइयों के बीच पिछले 20 वर्षों से चल रहे भूमि विवाद को समाप्त कर परिवार में पुनः सौहार्द स्थापित कर दिया। उदगांव निवासी देवेन्द्रसिंह चैनसिंह पुत्र कानसिंह राजपूत ने शिविर प्रभारी बसन्त कुमार शर्मा के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि खाता नंबर 63 (किता 3, रकबा 2.28 हैक्टेयर) भूमि का लंबे समय से विभाजन नहीं हो पा रहा था, जिससे परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पा रहा था।
शिविर प्रभारी ने मामले की गंभीरता समझते हुए तत्काल राजस्व टीम – पटवारी धीरज कुमार गुर्जर और भू-अभिलेख निरीक्षक विजय कुमार सैन – को रिकॉर्ड के अनुसार भूमि विभाजन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। दोनों भाइयों की आपसी सहमति और राजस्व अधिकारियों की तत्परता से भूमि का विभाजन राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया गया।
वर्षों पुराना विवाद समाप्त होने पर परिवार ने शिविर प्रभारी, राजस्व टीम और मुख्यमंत्री महोदय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। इस निर्णय से न केवल परिवार में सुकून लौटा बल्कि ग्राम उदगांव में प्रशासनिक संवेदनशीलता और संवाद से समाधान की एक प्रेरणादायी मिसाल कायम हुई।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
