सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नवाचार “भविष्य की उड़ान” अभियान से प्रेरित होकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुशलपुरा ,ब्लॉक बौंली के पुस्तकालयाध्यक्ष कालूराम मीणा ने अपनी सेवानिवृति के अवसर पर विद्यालय के विकास हेतु 51 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।
विद्यालय को दान की गई इस राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्यारे लाल मीणा द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा करने हेतु सुपुर्द किया गया। कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि विद्यालय द्वारा दान की गई 51 हजार रुपए की राशि पर राज्य सरकार की योजनामद नीति के तहत 60 प्रतिशत अंशदान के रूप में 76 हजार 5 सौ रुपए अतिरिक्त प्राप्त होंगे।
इस प्रकार कुल 1 लाख 27 हजार 500 सौ रुपए की राशि विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति द्वारा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, और अन्य भौतिक विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। सेवानिवृत शिक्षक का यह योगदान समाज में शिक्षा के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की यह संयुक्त पहल निश्चित ही बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने और विद्यालयों के स्तर पर सुधार लाने में एक प्रेरणादायी उदाहरण सिद्ध हो रही है। इस अवसर पर कालूराम बैरवा, एडी समसा एवं गांव के भामाशाह नादान सिंह आदि उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
