सवाई माधोपुर: राजस्थान सरकार द्वारा प्रकृति के संरक्षण हेतु चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा के निर्देशानुसार हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय-सवाई माधोपुर के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण जन जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला स्काउट सचिव रूपनारायण गुर्जर ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट ऑर्गेनाइजर स्काउट भरत लाल प्रजापत के निर्देशन में हिन्दुस्तान स्काउट गाइड द्वारा आयोजित अभिरुचि एवं कला कौशल शिविर के शिविरार्थियों द्वारा सवाई माधोपुर शहर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (आदर्श परिसर) में लगे हुए पौधों की गुड़ाई कर उनमें पानी दिया गया। परिसर क्षेत्र में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अभियान चलाकर श्रमदान कर सफाई कार्य किया एवं जुलाई माह में प्रत्येक सदस्य द्वारा कम से कम पांच पांच पौधे लगाकर उनके संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष रघुवर दयाल मथुरिया, गिरिराज प्रसाद स्वर्णकार, दिनेश चन्द सोनी, महेश कुमार जौलिया, चंद्रकला गुप्ता, ममता गर्ग, बृजेश द्विवेदी, अनीता गोला, प्रिया कुमावत, दिव्या कुमावत आदि स्काउटर गाइडर कला कौशल प्रशिक्षकों सहित सभी प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
