जयपुर:- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के तत्कालीन डीआईजी विष्णुकांत ने जयपुर आयुक्तालय के दो पुलिसकर्मियों से डीजी के नाम पर 9.5 लाख रुपए की रिश्वत ली हैं। उपनिरीक्षक सत्यपाल पारीक के परिवाद पर एसीबी ने प्राथमिक जांच में यह आरोप सही मानते हुए रिश्वत के आरोपी होमगार्ड आईजी विष्णुकांत और रिश्वत देने वाले हेड कांस्टेबल सरदार सिंह तथा उसके भाई प्रताप सिंह कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।
सत्यपाल पारीक ने यह परिवाद जनवरी 2023 को दिया था। हालांकि उस समय एसीबी ने परिवाद पर गंभीरता नहीं दिखाई थी। जिसके बाद सत्यपाल पारीक ने अदालत में प्रार्थना पत्र पेश किया था। अदालत ने एसीबी से जवाब मांगा तो एसीबी ने लिखा कि इस मामले में 13 सितम्बर 23 को प्राथमिक जांच दर्ज कर ली गई हैं। पारीक ने एसीबी को 9 ऑडियो वीडियो पेश किए थे।