सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के बैनर तले जैसलमेर प्रकरण को लेकर पत्रकारों ने विरोध जताया है। जिला मुख्यालय सहित सभी उपखंडों पर पत्रकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि IFWJ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ लंबे समय से जैसलमेर में वैध रूप से अपना व्यवसाय और पत्रकारिता कर रहे थे। आरोप है कि प्रशासन ने पहले रेस्टोरेंट खाली करने का दबाव बनाया और बाद में कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद कार्रवाई करते हुए मार्च 2026 में ‘स्वाद रेस्टोरेंट’ को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
पत्रकारों का कहना है कि इस कार्रवाई से पीड़ित को करीब सवा करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है और यह कदम दुर्भावनापूर्ण तरीके से उठाया गया। घटना के विरोध में प्रदेशभर के पत्रकारों में आक्रोश है और जयपुर में धरना भी जारी है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने उच्च स्तरीय जांच, पीड़ित को मुआवजा दिलाने और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री से मुलाकात कर पूरे प्रकरण के साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए समय देने का अनुरोध भी किया गया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
