सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर के पुराने शहर क्षेत्र में लटिया नाले पर बनी राजबाग पुलिया पिछले दो वर्षों से टूटी पड़ी है, लेकिन अब तक इसके पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। तेज बारिश में बह गई इस पुलिया के कारण नाले के उस पार रहने वाले 30-40 परिवारों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
यह पुलिया बड़े राजबाग क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग था, जिसके टूटने से चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जबकि दुपहिया वाहन भी जोखिम उठाकर गुजर रहे हैं।स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सामान सिर पर उठाकर नाला पार करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि स्कूल बसें उस पार नहीं पहुंच पा रहीं। वहीं, किसानों को अपने खेतों तक जाने और पशुओं के लिए चारा लाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं, जब नाले में तेज बहाव के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब लोगों ने मांग की है कि आगामी मानसून से पहले पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
