जयपुर: द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (The Institute of Chartered Accountants of India) (ICAI) ने गुरुवार को सीए फाइनल (CA Final Result) मई-2026 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इस बार राजस्थान (Rajasthan) के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में कई स्थान हासिल किए हैं। जोधपुर (Jodhpur) जिले के मथानिया कस्बे की अर्पिता डागा ने देशभर में चौथी रैंक प्राप्त की है, जबकि जयपुर (Jaipur) के प्रणव धूत ने 600 में से 457 अंक हासिल कर सातवीं रैंक हासिल की।

मेरिट लिस्ट में चित्तौड़गढ़ (Chittorgarh) की शगुन माहेश्वरी 15वें, कोटा (Kota) के आशुतोष मित्तल 16वें और जयपुर की हर्षिका खंडेलवाल 28वें स्थान पर रहीं। ICAI के अनुसार, सीए फाइनल परीक्षा (CA Result 2026) में देशभर से 7,931 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। जयपुर ब्रांच के चेयरमैन राजा मोरध्वज शर्मा ने बताया कि पहली बार परीक्षा परिणाम महज 30 दिनों के भीतर जारी किया गया है, जबकि पहले इसमें करीब दो महीने का समय लगता था।
सातवीं रैंक हासिल करने वाले प्रणव धूत ने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासित तैयारी को दिया। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से उन्होंने सोशल मीडिया (Social Media) पूरी तरह बंद रखा था और केवल पढ़ाई व डाउट क्लियर करने पर ध्यान दिया। प्रणव रोजाना 8 से 10 घंटे अध्ययन करते थे। वहीं, 28वीं रैंक हासिल करने वाली हर्षिका खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने रोज 10 से 12 घंटे पढ़ाई की और 4 से 5 बार रिवीजन किया। उन्होंने कहा कि कई बार पढ़ा हुआ याद नहीं रहता था, लेकिन लगातार मेहनत और दोहराव ने उन्हें सफलता दिलाई।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया