दैनिक देश की धरती समाचार पत्र समूह के प्रधान संपादक हुकुम चंद जी जैन का आज शुक्रवार को कोटा में निधन हो गया। 88 वर्षीय बाऊ साहब आज हमसब को छोड़ कर वैकुंठवास को प्रस्थान कर गए। देश की धरती परिवार ही नहीं वरन हाड़ौती के पत्रकारिता जगत के लिए यह क्षति सदैव अपूरणीय रहेगी, वे अविस्मरणीय रहेंगे। उनका मार्गदर्शन सदैव हमें राह दिखाता रहेगा। बाऊ साहब के नाम से सुविख्यात जैन साहब हाड़ौती में पत्रकारिता जगत के पुरोधा रहे। वे उन चुनिंदा पत्रकारों में से थे जिन्होंने हाड़ौती में पत्रकारिता की न सिर्फ नींव रखी वरन् पत्रकारिता के आदर्श सिद्धान्तों की पालना करते हुए इसे सींचा और मजबूत किया। बाऊ साहब जनता की आवाज बने, लोगों के संघर्ष को मंच देते हुए शासन तक पहुंचाया और समाधान दिलवाया। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति व राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत बाऊ साहब हुकुम चंद जैन की पत्रकारिता के प्रशंसकों की लम्बी फेहरिस्त में शीर्ष पर थे।

देश की धरती के पितृ पुरुष जैन के प्रति शेखावत का लगाव पारिवारिक था, यही अगाध प्रेम और लगाव था कि वे हुकुम चंद जैन के सबसे छोटे पुत्र राजेश जैन के विवाह समारोह में मुख्यमंत्री रहते हुए व्यततम दिनचर्या में से समय निकालकर न केवल स्वयं पधारे वरन अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी साथ लाए और शुभाशीष दिया। आपका दर्शन हमें सदैव ऊर्जावान रखेगा, आपका आशीष सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया